देवरिया। स्थानीय तहसील क्षेत्र के ग्राम पिपरहिया स्थित सुदामा देवी महिला महाविद्यालय के छात्राओं को स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति करण योजना के अंतर्गत स्मार्टफोन वितरित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार दुबे के द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण पर अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री दुबे ने कहा कि समाज के विकास में शिक्षा की अहम भूमिका होती है। विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से समृद्ध बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि देश एवं प्रदेश की सरकार कौशल विकास केन्द्रों के माध्यम से युवकों एवं युवतियों को तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराकर उनके जीवन को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। वर्तमान परिवेश में तकनीकी शिक्षा के बिना व्यक्ति का जीवन अधूरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए अनेकों योजनाओं का संचालन कर रही है। जिसका लाभ शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्राओं को भी मिल रहा है।

सरकार के द्वारा मुहैया कराए गए स्मार्टफोन का उपयोग कर आप अपने जीवन को सवारने का कार्य करें। भाजपा नेता सुरेश तिवारी ने कहा कि सरकार की महिलाओं की प्रति सही नीति और नीयत के कारण हर क्षेत्र में लड़कियां अपना परचम लहरा रही हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक डॉ प्रभात त्रिपाठी एवं संचालन विशंभर पांडे ने किया यहां प्रमुख रूप से सुरेश तिवारी, अवधेश तिवारी, डॉ विनय कुमार मिश्रा, संदीप कुमार, संगीता यादव, विनोद यादव, स्वाति तिवारी, अनीता तिवारी सहित विद्यालय की छात्राएं उपस्थित थी।