प्रयागराज। मुंडेरा नीम संराय कॉलोनी स्थित प्राचीन सिद्धपीठ काली मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया। शुक्रवार दिनांक 24 मई, 2024 को श्रीमद् भागवत कथा का समापन हवन और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
प्रयागराज के प्रसिद्ध कथा वाचक आचार्य प्रमोद कृष्ण शास्त्री ने विधि-विधान से श्रीमद्भागवत कथा सुनाया। माना जाता है कि भागवत पाठ का श्रवण करने से समस्त पापों का नाश होता है। सप्ताह भर चलने वाले श्रीमद्भागवत पाठ सुनने वाले श्रद्धालुओं ने भागवत पाठ समापन के अवसर पर पूजन और हवन किया इसके बाद आरती की गई। महिला मंडली द्वारा भजन कीर्तन भी किया गया।
भागवत कथा समापन वाले दिन भक्तों को विशेष प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। देवी देवताओं के जयकारे से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
आपकी जानकारी के लिए बता दे कि श्रीमद्भागवत पाठ का आयोजन स्थानीय महिलाओं के संगठन ‘महिला मंडली’ द्वारा किया गया। सभी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भक्ति भावना में डूब कर श्री प्रभु हरि का स्मरण किया।
नीम सराय कॉलोनी और आसपास की क्षेत्र की महिलाओं ने इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाया। धार्मिक और सामाजिक कार्यों से जुड़ी महिला मंडली समय-समय पर सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कराती रहती है। यहां के स्थानीय निवासी इन सभी का सहयोग करते हैं। यह सामाजिक संगठन धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के द्वारा लोगों में भक्ति की भावना जाग्रत करती है।
सुमन दीदी ने बताया कि यह संगठन सामाजिक, धार्मिक और संस्कृत चेतना का प्रसार समाज में करके देश की प्रगति में अपना योगदान दे रहा है। इस महिला मंडली संगठन में सैकड़ो महिलाएं हैं।
शिमला दीदी ने बताया कि हम लोग कोई राजनीतिक संगठन से नहीं है बल्कि महिलाओं द्वारा किया गया यह एक छोटा सा प्रयास है, समय-समय पर इस तरह का आयोजन सामाजिक जन जागरूकता और धार्मिक चेतना के लिए किया जा रहा है।
प्रयागराज के प्राचीन सिद्ध पीठ काली मंदिर में आगामी समय में महिला मंडली द्वारा सभी के सहयोग से सावन में धार्मिक आयोजन करने का भी मन बनाया है।

इस कार्यक्रम में सभी महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इसके साथ ही सुमन दीदी और शिमला दीदी ने महिला मंडली संगठन की ओर से भागवत कथा वाचक आचार्य प्रमोद कृष्ण शास्त्री जी का आभार व्यक्त किया। रिपोर्ट एके पांडेय प्रयागराज।